स्वदेशी के प्रखर प्रवक्ता अमर बलिदानी राजीव भाई दीक्षित, जिन्होंने वर्ष 2007-08 में चेन्नै के पुरुषवाक्कम स्थित सी.यु.शाह भवन में पहली बार स्वदेशी के विषय को नया रूप दिया, जिसे स्वास्थ्य कथा के रूप में पहचान मिली. पहली बार ऐसा हुआ कि स्वास्थ्य के विषय को कथा का रूप दिया गया. इसका नियोजन स्व. शोभाकांत दास, प्रदीप कुमार (चेन्नै) एवं निरंजन वर्मा (गुरुजी) के प्रयास से हुआ था. यह कथा 7 दिनों की थी, जिसमें 2 दिवस राजीव भाई ने केवल गऊवंश को स्वास्थ्य के साथ जोड़कर संवाद किया था. शेष के पांच दिनों में महर्षि वाग्भट्ट के 76 सूत्रों का संवाद हुआ था. यहीं से पञ्चगव्य को एक स्वतंत्र चिकित्सा थेरेपी के रूप में स्थापना का बीज उगा था.
राजीव भाई दीक्षित का जन्म उत्तर प्रदेश के एटा में 29 नवम्बर, 1967 को हुआ था. आपकी प्राथमिक शिक्षा अपने ही उपनगर में तथा उच्चशिक्षा कानपुर में हुई. भोपाल गैस त्रासदी के बाद आपका मन स्वदेशी की ओर झुका. भारत में विदेशी कंपनियों द्वारा की जा रही लूट और अनैतिकता को जब आपने अपनी आँखों से देखा और समझा तो आपके मन में भारत से विदेशी कंपनियों को भगाने का विचार प्रबल हो उठा.
इस कार्य को पूरा करने के लिए आपने ‘आज़ादी बचाओ आन्दोलन’ अभियान प्रारंभ किया. गाँधी आश्रम, सेवाग्राम में रहते हुए आपका मिलन प्रो.धर्मपाल जी से हुआ. उनके द्वारा हॉउस ऑफ़ कॉमंस, लन्दन (ब्रिटिश पार्लियामेंट) से लाये गये पत्रक एवं दस्तावेजों का आपने गहराई से अध्ययन किया. गुलाम भारत की तस्वीर आपके सामने थी. अंग्रेजों द्वारा भारत के प्रति किये गये षड्यंत्र आपकी समझ में आया. एक – एक कर आपने सभी को उजागर करना शुरू किया. अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के विरुद्ध आपने अभियान चलाया. विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार किया.
1947 के बाद का भारत, जिसे आपने काले अंग्रेजों का भारत कहा. इस समय के भ्रष्ट नेताओं की आपने पोल खोली. आपने स्वदेशी वस्तुओं का उत्पादन शुरू कराया. आपने खादी बनाने और खादी पहनने पर काफी जोड़ दिया. सेवाग्राम से लेकर सम्पूर्ण भारत में प्रकल्प शुरू करवाये. आपने सम्पूर्ण भारत का प्रवास किया. गाँव – गाँव घूमा. क्या दक्षिण, क्या उत्तर, क्या पूर्व, क्या पश्चिम, आपके कार्यों में भाषा कभी अवरोध नहीं बनी.
वर्ष 2007 में ‘आज़ादी बचाओ आन्दोलन’ के ही कुछ साथियों ने आपके साथ विद्रोह और आपके व्याख्यान की घेराबंदी कर दी. जिसके कारण आपने तमिलनाडु और कर्नाटक राज्य को भरपूर समय दिया. यही समय था जब आपने चेन्नै से स्वास्थ्य कथा का शुभारम्भ किया. इन्हीं दिनों हरिद्वार से बाबा रामदेव आपको पतंजलि से जोड़ने के लिए व्याकुल थे. जिसके कारण विवश होकर आपको बाबा रामदेव के साथ जाना पड़ा. जहाँ आपने ‘भारत स्वाभिमान’ नाम के संगठन को खड़ा किया.
30 नवम्बर, 2010 को छत्तीसगढ़, भिलाई में व्याख्यान प्रवास के दौरान रहस्यमयी अप्रत्याशित रूप से आपका भारत भूमि पर अंतिम दिवस रहा. उस समय आपकी आयु मात्र 43 वर्ष थी. आपके भौतिक शरीर का अंतिम संस्कार हरिद्वार में हुआ. आपकी अस्थियाँ पञ्चगव्य विद्यापीठम, कांचीपुरम के परिसर में स्थित आपके स्मारक में विद्यमान है.
Enter your email to stay in the loop on new collections, pop-up shows and more.